UP: राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से गोमती नगर एक्सटेंशन इलाके में जलभराव की स्थिति बन गई है। मंगलवार को इकाना स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खत्म होने के बाद बुधवार से नदी का पानी आसपास के इलाकों की ओर बढ़ने लगा।
इकाना-प्लासियो मार्ग पर पानी का कब्जा
गोमती नदी का पानी इकाना स्टेडियम से प्लासियो की तरफ जाने वाले मार्ग पर भर गया है। इससे इस प्रमुख रास्ते पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और यातायात धीमी गति से संचालित किया जा रहा है। बुधवार शाम तक सड़क के कुछ हिस्सों में पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
Also Read: बुंदेलखंड में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा! केन-यमुना उफान पर, चिल्ला घाट पर भी बढ़ा जलस्तर
सोमवार को भी हुआ था जलभराव
इस मार्ग पर सोमवार को भी पानी भर गया था। हालांकि, मौके पर कई पंप लगाकर जलभराव को दूर कराया गया था और मंगलवार तक स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था। लेकिन गोमती का जलस्तर दोबारा बढ़ने के बाद बुधवार को एक बार फिर सड़क पर पानी जमा हो गया।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
जलभराव को देखते हुए लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक, प्रभावित मार्ग पर यातायात धीमी गति से चल रहा है। यातायात पुलिस की टीम मौके पर तैनात है और आवाजाही को सुरक्षित व सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रभावित मार्ग से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें और वाहनों की गति नियंत्रित रखें। साथ ही, अनावश्यक रूप से जलभराव वाले स्थान पर रुकने से बचने की सलाह दी गई है, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति न बने।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














