https://breakingtube.com/wp-content/uploads/2026/09/728x90-ODOP-UPITS-scaled.jpg
Home UP News UP: जीआईसी मैदान में गरजी किसानों की आवाज, महापंचायत में गन्ने के...

UP: जीआईसी मैदान में गरजी किसानों की आवाज, महापंचायत में गन्ने के 600 रुपये भाव से एम्स और हाईकोर्ट बेंच तक उठीं 33 मांगें

मुजफ्फरनगर: भारतीय किसान यूनियन (तोमर) की ओर से बुधवार को जीआईसी मैदान में आयोजित महापंचायत में किसानों ने कृषि, बिजली, गन्ना, सिंचाई, रोजगार, कानून-व्यवस्था और जनपद से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और बसों से पहुंचे। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

किसानों ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने, किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने, एमएसपी पर गारंटी कानून लागू करने, 60 वर्ष की उम्र के बाद किसानों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने और किसान आयोग के गठन की मांग की। गन्ने का भुगतान समय पर कराने तथा बकाया भुगतान पर ब्याज दिलाने की मांग भी रखी गई।

Advertisement

Also Read: बुंदेलखंड में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा! केन-यमुना उफान पर, चिल्ला घाट पर भी बढ़ा जलस्तर

मुजफ्फरनगर में एम्स की स्थापना और मेरठ में हाईकोर्ट की खंडपीठ लाने, आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमे समाप्त करने तथा रोहन राठी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई।

किसानों ने नहरों और रजवाहों की सफाई कर टेल तक पानी पहुंचाने, नलकूपों को मुफ्त कनेक्शन देने, घरेलू बिजली पर 50 प्रतिशत छूट, स्मार्ट मीटर पर रोक और बिजली बिलों के समाधान के लिए ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाने की मांग की। खाद-डीएपी की कालाबाजारी रोकने तथा तहसील और बिजली विभाग में किसानों के कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग भी उठी। महापंचायत में ट्रैक्टरों की उम्र सीमा को लेकर भी मांग रखी गई।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)