UP: सहारनपुर के रामपुर मनिहारान कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव संभलहेड़ी निवासी दिव्यांग लकड़ी ठेकेदार बिजन राणा ने रामपुर मनिहारान वन क्षेत्राधिकारी के कार्यालय में कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद कार्यालय में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 की मदद से ठेकेदार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।बताया जा रहा है कि बिजन राणा, पुत्र यशपाल सिंह, वन विभाग से जुड़े किसी मामले को लेकर रेंज कार्यालय पहुंचा था।
Also Read: लखनऊ: अंबी बिष्ट समेत 5 के खिलाफ FIR, LDA से जुड़ा मामला, विजिलेंस जांच के बाद कार्रवाई
इसी दौरान उसने वन विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। ठेकेदार का आरोप है कि उससे कथित तौर पर एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी। उसने वन विभाग के एसडीओ पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।हालांकि, ठेकेदार द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। मामले में वन विभाग की ओर से रामपुर रेंज की रेंज अधिकारी वैशाली चौधरी ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि ठेकेदार द्वारा लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने बताया कि संबंधित प्रकरण में एसडीओ वीरेंद्र सिंह रावत की ओर से कार्रवाई की गई है।
Also Read: बुंदेलखंड में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा! केन-यमुना उफान पर, चिल्ला घाट पर भी बढ़ा जलस्तर
फिलहाल एसडीओ वीरेंद्र सिंह रावत का इस पूरे मामले में विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है। ठेकेदार द्वारा लगाए गए आरोपों और वन विभाग की ओर से दी गई सफाई के बीच मामला जांच का विषय बन गया है। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच तथा सभी पक्षों के बयान सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।वहीं, क्षेत्र में प्रतिबंधित पेड़ों की कथित कटाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में वन विभाग की कार्रवाई और ठेकेदार द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














