गुरुग्राम में Uber ड्राइवर की दबंगई, महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कार में लॉक कर मांगा दोगुना किराया

गुरुग्राम
 दिल्ली से सटे गुरुग्राम में उबर ड्राइवर पर एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम आ रही सॉफ्टवेयर इंजीनियर को उसने गाड़ी में लॉक कर दिया। उसने उसका हाथ पकड़ा और छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं उसमें उससे डबल किराया भी मांगा। ⁠पीड़िता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उबर कंपनी से ड्राइवर की शिकायत की। पीड़िता की शिकायत पर कंपनी ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ एक्शन लेते हुए उसका अकाउंट सस्पेंड कर दिया है। वहीं पुलिस भी इस मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता ने एक्स पर सुनाई आपबीती
पीड़िता ने एक्स पर साझा की जानकारी में बताया कि आज मैं दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी। मैंने एक उबर ड्राइवर के साथ मेरे जीवन के सबसे डरावने अनुभवों में से एक का सामना किया। मैं अभी भी सदमे में हूं। पीड़िता ने आगे लिखा कि मैंने गुरुग्राम जाने के लिए उबर कैब बुक की थी। यह सिर्फ 20 मिनट की राइड। ऐप पर किराया लगभग 625 रुपये दिखा रहा था। ट्रिप खत्म होने के बाद ड्राइवर ने मुझे रैपिडो का एक स्क्रीनशॉट दिखाया। इस स्क्रीन शॉट में किराया 1479 रुपये दिख रहा था। जब मैंने उससे कहा कि यह तो रैपिडो का स्क्रीनशॉट है उबर का नहीं। इस पर आरोप चालक ने कहा कि इस रूट का किराया इतना ही होता है।

पीड़िता का आरोप कैब में किया लॉक
पीड़िता ने आगे लिखा कि मैंने उसे उबर ऐप पर
दिख रहे 625 का भुगतान कर दिया। मगर इसके बाद आरोप चालक ने मुझे अपनी कैब में लॉक कर दिया। यही नहीं उसने सामान बाहर निकालने से भी मना कर दिया। उसने कहा कि जबतक तुम 1479 रुपये नहीं देती बाहर नहीं जाने दूंगा। जब मैंने अपना सामान निकालने की कोशिश की तो उसने मेरा हाथ पकड़ लिया। उसने सामने वाली सीट की खिड़की बंद कर दी जहां मेरा सामान रखा था ताकि मैं उसे बाहर न निकाल सकूं।

पीड़िता ने बताया ड्राइवर का नाम
पीड़िता ने बताया कि किसी तरह मैंने अपना सामान निकाला और अपने घर के अंदर जाने की कोशिश की। इसके बाद वह मेरे पीछे आया और जबरदस्ती गेट खोलने की कोशिश की। उसने मुझे बहुत बुरी तरह गालियां दीं। आखिरकार मैं अंदर पहुंच पाई और दरवाजा लॉक कर दिया। इसके बाद वह गालियां देते हुए मुझे जान से मारने की धमकी देते हुए गेट पर चढ़ने लगा। यह सब गुरुग्राम में सुबह लगभग 4:45 बजे हुआ। पीड़िता ने बताया कि ड्राइवर का नाम जामिल जाहिद खान है।