विधान परिषद में सीएम योगी ने कहा-‘मुल्ला और मौलवी के बजाय हम बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बनाना चाहते हैं’

विधान परिषद में अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की मानसिकता संकीर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अल्पसंख्यक बच्चों को केवल पारंपरिक मदरसों तक सीमित नहीं रखना चाहती उन्हें मुल्ला और मौलवी बनाने के बजाय डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और साहित्यकार बनाने का अवसर भी प्रदान करना चाहती है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि शिक्षा के आधुनिकीकरण से ही समाज का विकास संभव है। सीएम योगी ने कहा कि स्कूलों में फ्री एजुकेशन की व्यवस्था की जा रही है। उनका आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसके लिए डबल इंजन की सरकार पैसा उपलब्ध करवा रही है, लेकिन कठमुल्लापन की संस्कृति नहीं चलेगी। उन्होंने दोहराया कि डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी छात्रों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

समाज के हर वर्ग को उत्तम शिक्षा की ओर बढ़ने का संकल्प

सीएम योगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर बच्चे को उत्तम और आधुनिक शिक्षा प्रदान करना है, जिससे वे केवल धार्मिक शिक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी योजनाओं के तहत प्रत्येक छात्र को समान अवसर मिलेगा और किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को मुफ्त कोचिंग प्रदान की जा रही है।

Also Read – Mahakumbh 2025: सीएम योगी ने सपा को घेरा, कहा- ‘सूअरों को गंदगी, गिद्धों को लाशें, जिसने जो तलाशा, वही मिला’

डबल इंजन सरकार ने जनजातियों को मुख्यधारा में लाया

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे प्रदेश की जनजातियों और वंचित वर्गों की असल स्थिति से अनजान हैं। उन्होंने विशेष रूप से थारू जनजाति का उल्लेख किया, जो उत्तर प्रदेश-नेपाल सीमा क्षेत्र में रहती है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इन जनजातियों को मुख्यधारा में लाने के लिए कई पहल की हैं और इन लोगों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान की हैं।

गरीबी उन्मूलन के लिए सरकार का नया लक्ष्य

सीएम योगी ने आगामी तीन वर्षों में 13.5 लाख परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा किए गए सर्वेक्षण में ऐसे परिवारों की पहचान की गई है, जिन्हें बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जाएगा और उनकी वार्षिक आय को 1.25 लाख रुपये तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Also Read -सीएम ने की समाजवादी पार्टी की खिंचाई, बोले – समाजवादी से सनातनी हो गए हैं नेता प्रतिपक्ष

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की तुष्टिकरण राजनीति पर कड़ा प्रहार

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) मॉडल को ढोंग करार दिया और कहा कि यह केवल दिखावा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय केवल राजनीतिक लाभ की सोच रखते हैं। उन्होंने इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों के मामले का उदाहरण देते हुए बताया कि पूर्व सरकारों ने इसे नजरअंदाज किया, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे मिशन बनाकर नियंत्रित किया।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं