UP: कोडीन कफ सिरप की अवैध बिक्री और संभावित तस्करी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने जिले में सख्त अभियान शुरू कर दिया है। प्रशासन ने 12 संदिग्ध दवा फर्मों को चिन्हित कर उनके लेन-देन और आपूर्ति नेटवर्क की गोपनीय जांच तेज कर दी है। इस पूरी कार्रवाई की निगरानी लखनऊ स्थित मुख्यालय से की जा रही है।
थर्ड पार्टी फर्म पर कार्रवाई, लाइसेंस रद्द
एफएसडीए की कार्रवाई का मुख्य केंद्र मेडिकल कॉलेज के सामने छेदीपुरवा क्षेत्र में स्थित थर्ड पार्टी फर्म मार्गोलिस्ट एंड रोमर फार्मास्युटिकल प्राइवेट लिमिटेड रही। यहां से बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप मिलने के बाद औषधि प्रशासन ने फर्म का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। साथ ही फर्म को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है, संतोषजनक जवाब न मिलने पर एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।
श्रावस्ती में छापेमारी, रिकॉर्ड खंगाले गए
बुधवार को औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा के नेतृत्व में एफएसडीए की टीम श्रावस्ती जिले पहुंची, जहां कई संदिग्ध फर्मों के खरीद-बिक्री और सप्लाई से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की गई। सीमावर्ती जिलों में तस्करी की आशंका को देखते हुए निगरानी और कड़ी कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि मंडल मुख्यालय से कई जिलों में अवैध चैन के जरिये कफ सिरप की सप्लाई की जा रही थी।
लखनऊ से सप्लाई, गोंडा बना ट्रांजिट प्वाइंट
सूत्रों के अनुसार, कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप लखनऊ की एक एजेंसी से भेजी जाती थी, जिसे गोंडा स्थित थर्ड पार्टी फर्म में बड़ी मात्रा में संग्रहित किया जाता था। यहां से गाड़ियों के माध्यम से मंडल के अन्य जिलों में इसकी सप्लाई होती थी। अचानक छापेमारी के दौरान फर्म संचालक खरीद और बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे अवैध सप्लाई नेटवर्क के तहत तस्करी की आशंका और मजबूत हो गई।
नेटवर्क का खुलासा और आगे की कार्रवाई
जांच में सामने आया है कि कई दवा कारोबारी केवल कागजों में होलसेल लाइसेंस लेकर काम कर रहे हैं, जिनका न तो वास्तविक गोदाम है और न ही दुकान का स्पष्ट पता। माल सीधे वाहनों से मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाया जाता है और कम कीमत पर खरीदा गया कफ सिरप ऊंचे दामों पर बेचा जाता है। औषधि अनुज्ञापन अधिकारी मुकेश जैन ने बताया कि कोडीन सिरप की अवैध सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं और आने वाले दिनों में कई और बड़ी कार्रवाई की जाएगी।










































