गोरखपुर। जिले में चल रहे सौ दिवसीय टीबी रोगी खोजी अभियान के साठ दिनों में अब तक 2369 नये टीबी मरीज खोजे जा चुके हैं। इस बीच, सोमवार से सीएचओ के सहयोग से चलने वाले चालीस दिन के विशेष अभियान की शुरुआत हो गयी। इसके तहत नये टीबी रोगियों को खोजने के साथ-साथ गैर संचारी रोगों के नये मरीजों की भी खोज की जाएगी। इसी कड़ी में सीएमओ डॉ राजेश जा ने पिपरौली ब्लॉक के दो आयुष्मान आरोग्य शिविर का दौरा किया, जहां सीएचओ की मदद से नये टीबी मरीजों और गैर संचारी रोग के मरीजों के लिए स्क्रिनिंग की गयी।
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि अभी तक शिविर के आयोजन सिर्फ उच्च जोखिम क्षेत्रों में किये जा रहे थे। इस दौरान करीब ग्यारह हजार एक्स-रे जांच और 9115 सीबीनॉट जांच के जरिये 2369 नये टीबी मरीजों की खोज की गयी है। इन मरीजों को दवा आदि सभी सरकारी प्रावधान वाली सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सोमवार से शुरू हुए अभियान के दौरान जिले में करीब 417 ऐसे शिविरों के आयोजन का लक्ष्य है जिनमें सीएचसी की मदद ली जा रही है। वह टीबी और गैर संचारी रोगों जैसे मधुमेह, रक्तचाप आदि के मरीजों को खोज कर नजदीकी अस्पतालों पर संदर्भित करेंगे। आवश्यक प्रक्रिया के बाद कंफर्म रोगियों का इलाज व फॉलो अप होगा।
Also Read : आईआईआरएफ-2026 रैंकिंग में एमएमएमयूटी की उल्लेखनीय उपलब्धि
इससे पहले, सीएमओ ने अपने कार्यालय से जिले के सभी अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि सौ दिवसीय अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर निगरानी की जाए। प्रतिदिन के परिणामों और संकेतांकों पर काम होना चाहिए। अभियान की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। कोई भी नया मरीज मिलता है तो उसे सभी आवश्यक सुविधाएं और परामर्श उपलब्ध होने चाहिए।













































