फर्रुखाबाद। जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय किसान की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। किसान अपनी तरबूज की फसल लेकर नदी पार कर घर लौट रहा था, तभी वह गहरे पानी में चला गया और हादसे का शिकार हो गया।
जानकारी के अनुसार कटरी भीमपुर निवासी जयदेव (32) गंगा किनारे कटरी क्षेत्र में पालेज की खेती करता था, जहां उसने तरबूज और खरबूजे की फसल लगा रखी थी। रविवार शाम वह खेत से तरबूज लेकर नाव/नदी के रास्ते अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान गंगा नदी पार करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा।
Also Read : योगी कैबिनेट की मुहर, यूपी में कल से लागू होगी नई तबादला नीति
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जयदेव को डूबता देख तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला। आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जयदेव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि वह अपने भाइयों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।











































