Yogi Adityanath की अध्यक्षता में यूपी कैबिनेट बैठक, 29 प्रस्तावों को मंजूरी

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में 29 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिसमें ट्रांसफर पॉलिसी, ऊर्जा क्षेत्र के बड़े प्रोजेक्ट्स और औद्योगिक विकास से जुड़े फैसले शामिल हैं।

कैबिनेट बैठक में जश्न का माहौल

सरकारी आवास पर हुई इस बैठक से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मंत्रियों को मिठाई खिलाकर बीजेपी की हालिया चुनावी जीत का जश्न मनाया। पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर कैबिनेट सदस्यों में खुशी का माहौल रहा।

संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बैठक के बाद मीडिया को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैबिनेट ने कई जनहित और विकासपरक प्रस्तावों को हरी झंडी दी है।

ट्रांसफर पॉलिसी को मिली मंजूरी

कैबिनेट की सबसे चर्चित निर्णयों में से एक उत्तर प्रदेश ट्रांसफर पॉलिसी को मंजूरी देना रहा। नई ट्रांसफर पॉलिसी 31 मई तक लागू रहेगी। मंगलवार से पूरे प्रदेश में तबादलों की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और 31 मई तक यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Also Read : योगी कैबिनेट की मुहर, यूपी में कल से लागू होगी नई तबादला नीति

ऊर्जा क्षेत्र में बड़े फैसले

कैबिनेट ने ऊर्जा विभाग के तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की। हाईटेंशन लाइन प्रभावित किसानों को मुआवजा दिए जाने की नई नीति बनाई गई है। अब टावर के नीचे की जमीन पर दोगुना मुआवजा और तार खींचने वाली जमीन पर 30 प्रतिशत मुआवजे का प्रावधान किया गया है।

2018 के बाद मुआवजा नीति में यह बड़ा बदलाव किया गया है, जिससे किसानों को बेहतर राहत मिल सकेगी।

जालौन में 500 मेगावाट सोलर प्लांट बनेगा

कैबिनेट ने जालौन में 500 मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट की स्थापना को मंजूरी दे दी। यह प्रोजेक्ट यूपी सरकार और कोल इंडिया के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें 49 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार का और 51 प्रतिशत हिस्सा कोल इंडिया का होगा। प्रारंभिक लागत करीब 10 करोड़ रुपये तय की गई है।

इसके अलावा 653 करोड़ रुपये की लागत से 400/220 केवी नए पावर स्टेशन की स्थापना को भी मंजूरी दी गई, जिससे प्रदेश की बिजली व्यवस्था और मजबूत होगी।

एक जनपद एक व्यंजन योजना शुरू

कैबिनेट ने ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना को स्वीकृति दे दी। इस योजना के तहत प्रत्येक जनपद के पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा दिया जाएगा। खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रेरणा स्थल पर व्यंजन महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें खाद्य क्षेत्र के तकनीकी विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा।

Also Read : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव को करारा जवाब, बोले- फूट नहीं, BJP चट्टान की तरह एकजुट है

टेक्सटाइल पार्क और विश्वविद्यालय को मंजूरी

कैबिनेट ने संत कबीर टेक्सटाइल्स एंड अपैरल पार्क की स्थापना को मंजूरी दी। यह पार्क नगीना, बहेड़ी, अमरोहा और मगहर में चार कताई मिलों के माध्यम से विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा फीरोजाबाद में अमरदीप विश्वविद्यालय की स्थापना को भी हरी झंडी दी गई।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर

कैबिनेट ने राज्य में 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक के दौरान सभी प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की और विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)