चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) बकरीद के त्योहार को लेकर बाजारों और लोगों में उत्साह का माहौल है। इसी बीच मुगलसराय में एक खास बकरा इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। अपनी विशाल कद-काठी और भारी वजन की वजह से यह बकरा लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। बकरे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और उसके साथ तस्वीरें भी खिंचवा रहे हैं।
100 किलो से 160 किलो तक का सफर
जानकारी के अनुसार यह बकरा करीब 5 से 6 फुट लंबा और 160 किलो से अधिक वजनी बताया जा रहा है। इलाके में इसकी चर्चा तेजी से फैल रही है और लोग इसे देखने खास तौर पर पहुंच रहे हैं। बच्चे-बूढ़े सभी इसके साथ सेल्फी ले रहे हैं।
मित्र के फार्म हाउस पर हुई खास परवरिश
बकरे के मालिक जैद अहमद ने बताया कि यह उनका अपना बकरा है, जिसे उन्होंने अपने एक मित्र के फार्म हाउस पर रखकर विशेष देखभाल के साथ तैयार कराया। उन्होंने बताया कि जब यह बकरा खरीदा गया था तब इसका वजन लगभग 100 किलो था, लेकिन लगातार बेहतर देखभाल और पौष्टिक खानपान के कारण अब इसका वजन 160 किलो के पार पहुंच चुका है।
11 महीने में 55 हजार खर्च
जैद के अनुसार पिछले 11 महीनों से बकरे का विशेष पालन-पोषण किया जा रहा था। इसकी देखभाल पर हर महीने करीब 5 हजार रुपये खर्च किए गए। इस तरह अब तक कुल लगभग 55 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि बकरे के खानपान में हरी घास, चना, दाना और पौष्टिक आहार शामिल किया गया, जिससे उसका वजन तेजी से बढ़ा। समय-समय पर पशु चिकित्सक से जांच भी कराई गई।
रेलवे ने भी किया सहयोग
साथ ही बकरे को सुरक्षित तरीके से मुगलसराय तक लाने में रेलवे प्रशासन और स्टाफ का भी सहयोग मिला। वजन अधिक होने के कारण इसे सड़क मार्ग से लाना मुश्किल था।
बकरीद से पहले यह खास बकरा अब इलाके में लोगों के बीच चर्चा और आकर्षण का विषय बना हुआ है। जैद अहमद ने बताया कि कई लोग इसे खरीदने के लिए संपर्क कर रहे हैं, लेकिन अभी कीमत तय नहीं की गई है। बकरे की कीमत लाखों में आंकी जा रही है।









































