लखनऊ: सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा से कथित गैंगरेप मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य आरोपी शिवम यादव और उसके साथी शनि यादव अब भी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए अब तक करीब 18 सिम कार्ड बदल चुके हैं।
पुलिस जांच में कई अहम खुलासे
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि पीड़िता पहले भी दो बार आरोपी शिवम यादव के साथ लखनऊ में ठहर चुकी थी। वहीं मंगलवार को छात्रा ने अदालत में अपने बयान दर्ज कराए। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपियों के करीबी संपर्कों की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए तकनीकी सर्विलांस का सहारा ले रही हैं।
Also Read: लखनऊ: पांचवी की छात्रा को दानिश-अमीन में कार में खींचा, फिर होटल ले जाकर किया गैंगरेप
प्रयागराज तक पहुंची पुलिस टीम
आरोपियों की तलाश में पुलिस की एक टीम सोमवार को प्रयागराज पहुंची और शिवम यादव के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि वह घर नहीं आया है। पुलिस की चार टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता दिल्ली यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेज में बीए ऑनर्स की छात्रा बताई जा रही है और यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि 15 मई को दिल्ली जाते समय उसने अपने परिचित शिवम यादव से संपर्क किया था, जिसके बाद आरोपी उसे चारबाग स्टेशन से सुशांत गोल्फ सिटी स्थित कमरे पर ले गए। छात्रा का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ देकर तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और सामूहिक दुष्कर्म किया गया। तबीयत बिगड़ने पर आरोपियों ने 18 मई को उसे ट्रेन से दिल्ली भेज दिया और फरार हो गए। मामले की जीरो एफआईआर आनंद विहार से लखनऊ ट्रांसफर होने के बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है।









































