लखनऊ में एक रईसज़ादे ने 6 लोगों को कुचला, 5 घायल, 6 वर्षीय मासूम की मौत

UP: लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 7 बजे कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों और राहगीरों को टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाले के पिता सीमेंट-सरिया के व्यवसायी बताए जा रहे है। इस भीषण हादसे में 6 साल के मासूम दीक्षांत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे सड़क किनारे खड़े कई लोग उसकी चपेट में आ गए।

फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था नाबालिग छात्र

पुलिस जांच में सामने आया कि कार चला रहा युवक 12वीं कक्षा का छात्र है और अवध कॉलेजिएट का विद्यार्थी है। वह मोहान रोड पर आयोजित एक फेयरवेल पार्टी से अपनी सहपाठी लड़की के साथ लौट रहा था। हादसे के बाद कार रुकने पर लड़की नीचे उतर गई, लेकिन चालक ने घबराकर गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। लोगों ने लड़की को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कार जब्त कर ली।

Also Read: रौब, रफ्तार और हादसा! कानपुर शिवम मिश्रा लेम्बोर्गिनी कांड में नया मोड़, वकील की दलीलों ने पलट दिया पूरा मामला

बाजार में मचा हड़कंप, कई लोग आए चपेट में

घटना के दौरान सहिजनपुर निवासी प्रमोद कुमार अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दुकान पर सामान लेने गए थे, तभी कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ने भागने की कोशिश में 12 वर्षीय अरमान को टक्कर मारी। करीब 100 मीटर आगे बढ़ने पर कार ने उन्नाव निवासी साधना पटेल (35), उनकी मां मीना देवी (60) और बेटे दीक्षांत (6) को भी कुचल दिया। इसके अलावा ई-रिक्शा चालक अवध बिहारी (42) भी कार की चपेट में आ गए। कार ने आगे खड़ी एक ऑटो में भी जोरदार टक्कर मारी।

मासूम की मौत से परिवार में कोहराम

मृतक दीक्षांत उन्नाव जिले के सफीपुर तहसील के ऊगू गांव का मूल निवासी था। उसकी मां साधना पटेल बंथरा में किराए पर रहकर बेटे की पढ़ाई करवा रही थीं। दीक्षांत केंद्रीय विद्यालय में पढ़ता था और पहली बार अपनी नानी के साथ बाजार गया था। अस्पताल में बेटे का शव देखकर मां बदहवास हो गईं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Also Read: UP: कानपुर लैंबॉर्गिनी केस में बड़ा एक्शन, आरोपी शिवम मिश्रा हिरासत में, कोर्ट में पेशी आज

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, जांच जारी

एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के अनुसार, पुलिस ने कार को ट्रेस कर आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि कार उसने किसी परिचित से मांगकर पार्टी में जाने के लिए ली थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में सवार दोनों छात्र नाबालिग हैं। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक बच्चे की मां ने कार नंबर के आधार पर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)