फर्रुखाबाद। जिले के फर्रुखाबाद-इटावा-बरेली हाईवे पर शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक बीएससी छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राजेपुर थाना क्षेत्र के नासे की पुलिया (महमदपुर गढ़िया) के पास हुआ, जहां रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने अपाचे बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो बरेली की तरफ से गलत दिशा में तेज गति से आ रही थी, जबकि बाइक सवार फर्रुखाबाद की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बोलेरो का एक पहिया भी फट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल लोहिया अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उजरामऊ निवासी 20 वर्षीय शोभित को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में उजरामऊ निवासी 25 वर्षीय अभय और कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के खुढाबा निवासी 26 वर्षीय कौशल प्रताप गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अभय की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। वहीं कौशल का इलाज लोहिया अस्पताल में जारी है।
परिजनों ने बताया कि मृतक शोभित हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मारुति सुजुकी कंपनी में नौकरी करता था। वह इन दिनों अपनी बीएससी की परीक्षा देने और छुट्टियां बिताने के लिए घर आया हुआ था। शुक्रवार शाम वह क्रिकेट खेलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन कुछ देर बाद हादसे की खबर ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
शोभित दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।














































