चंदौली : वाहन चोरी की वारदातों पर नकेल कसने में जुटी मुगलसराय पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने अंतरजनपदीय ऑटो लिफ्टर गैंग के तीन सदस्यों को दबोच कर उनके पास से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, सात एंड्राइड मोबाइल, एक तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की है। पकड़े गए बदमाशों में दो के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास और लूट समेत संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस वीआईपी गेट पर चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुढेखुर्द गांव स्थित तालाब के पास कुछ संदिग्ध युवक चोरी की बाइकों के साथ मौजूद हैं। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को धर दबोचा।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम बताए:
1. लोटन पाल उर्फ विजय पाल – निवासी सेनपुरा, थाना चेतगंज, वाराणसी
2. सचिन जायसवाल – निवासी सेनपुरा, थाना चेतगंज, वाराणसी
3. ऋतिक जायसवाल – निवासी जलालीपुरा, थाना जैतपुरा, वाराणसी
वाराणसी से बिहार तक फैला था नेटवर्क
पूछताछ में गैंग ने कबूला कि वे वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर समेत आसपास के जिलों के रेलवे स्टेशन, अस्पताल, बाजार, घाट और भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक चुराते थे। चोरी के बाद वाहनों को 10-15 दिन तक छिपाकर रखते थे। पांच-छह बाइक इकट्ठा होने पर मैजिक से बिहार ले जाकर औने-पौने दाम में बेच देते थे। इस बार भी दो साथी मैजिक की व्यवस्था करने गए थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने गैंग को पकड़ लिया।
हथियार और मोबाइल चोरी भी कबूली
मुख्य आरोपी लोटन पाल के पास से .315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस मिला। उसने बताया कि चोरी के दौरान विरोध करने वालों को डराने के लिए वह हथियार रखता था। उसके पास से मिले तीन मोबाइल भी चोरी के निकले। गैंग ने भीड़ में मोबाइल चोरी की बात भी स्वीकार की।
बरामदगी का ब्यौरा
– 05 चोरी की मोटरसाइकिलें
– 07 चोरी के एंड्राइड मोबाइल फोन
– 01 अवैध तमंचा .315 बोर
– 01 जिंदा कारतूस
– 1000 रुपये नकद
पहले से दर्ज हैं संगीन मुकदमे
लोटन पाल और सचिन जायसवाल शातिर अपराधी हैं। दोनों के खिलाफ वाराणसी के चेतगंज, जैतपुरा समेत कई थानों में हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट में मुकदमे दर्ज हैं।
केस दर्ज, फरार साथियों की तलाश जारी
मुगलसराय थाने में मुकदमा संख्या 227/2026 के तहत धारा 317(2), 317(4), 317(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार दो साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस टीम को मिलेगी शाबाशी
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी अजय कुमार, उपनिरीक्षक शिव पूजन बिंद, विजय राज, सुभाष प्रसाद समेत पूरी टीम शामिल रही। एसपी ने टीम को पुरस्कृत करने की बात कही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन में डबल लॉक लगाएं और सुनसान जगह पर गाड़ी न खड़ी करें। इस गिरफ्तारी से इलाके में वाहन चोरी की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।












































