लखनऊ : चारबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड अचानक गिर गया, जिसमें टीटीई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
टिन शेड गिरने से गंभीर दुर्घटना
प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर खड़े लोगों पर अचानक टिन शेड गिर पड़ा। हादसे में ट्रेन टिकट एग्जामिनर (टीटीई) भूपेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया है। दो यात्री अभिषेक और साहिल भी इस हादसे में बुरी तरह घायल हुए। साहिल की जांघ में गहरी चोट आई है।
RPF ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को तत्काल निकालकर अजंता अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को रोका गया
हादसा उस समय हुआ जब प्लेटफॉर्म पर हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस आ रही थी। स्टेशन अधिकारियों ने समय रहते ट्रेन को रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
अधिकारियों ने बुलाई क्रेन
हादसे के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत क्रेन मंगवाई और गिरे हुए टिन शेड को हटाने का काम शुरू कर दिया है। प्लेटफॉर्म को यातायात के लिए जल्द साफ करने की कोशिश की जा रही है।
यात्री और रेलकर्मियों में आक्रोश
इस घटना से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश है। लोग प्लेटफॉर्म की पुरानी छत और रखरखाव की कमी पर सवाल उठा रहे हैं। कई यात्रियों ने कहा कि स्टेशन के प्लेटफॉर्मों की छतें काफी पुरानी और जर्जर हालत में हैं, जिससे बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों को उचित मुआवजे और इलाज की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।














































