यूपी: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। कई जगह पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हो गईं, बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई और ग्रामीण इलाकों में भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। खराब मौसम के चलते लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी ने लिया हालात का जायजा
मौसम की तबाही को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने आंधी, अतिवृष्टि और बिजली गिरने से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान पर गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश
राज्य सरकार ने साफ कहा है कि प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नुकसान का तत्काल आंकलन कर 24 घंटे के भीतर अनुमन्य मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में फसल, मकान या पशुधन को नुकसान पहुंचा है, वहां तुरंत सर्वे कर राहत राशि वितरित की जाए।
फील्ड पर उतरने का अधिकारियों को निर्देश
सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को दफ्तरों से बाहर निकलकर प्रभावित इलाकों का दौरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर लोगों से बातचीत करें और यह सुनिश्चित करें कि हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचे। वहीं लगातार खराब मौसम और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की गई है। प्रशासनिक टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और सरकार ने हर संभव मदद का भरोसा दिया है।














































