बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया में बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा नदी के गोपालपुर (कन्हई ब्रह्म बाबा स्थान के पास) घाट पर स्नान करते वक्त एक युवक डूब गया। मुंडन संस्कार में शामिल युवक के डूबने से गंगा किनारे अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों ने युवक को ढूंढने का प्रयास शुरू किया, लेकिन देर तक सफलता नहीं मिल सकी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। उधर, युवक के डूबने की सूचना जैसे ही उसके ननिहाल पहुंची, नानी की धड़कन थम गई।
दलपतपुर निवासी विकास कुमार यादव (19) पुत्र अमरनाथ यादव अपने मामा प्रधान प्रमोद यादव के घर हेमंत पुर में रहकर पढ़ रहा था। गुरुवार को हेमंतपुर से ही प्रधान प्रमोद यादव के बगल से किसी बर्मा परिवार का मुंडन संस्कार दुबे छपरा गोपालपुर गंगा घाट पर आया था, जिसमें विकास भी शामिल होने के लिए पहुंचा था। मुंडन संस्कार हो रहा था, तभी विकास स्नान करते वक्त गंगा के गहरे जल में समा गया। ग्रामीणों के हो हल्ला पर घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे खोजने का बहुत प्रयास किया, पर विकास का कहीं आता-पता नहीं चला।
Also Read : गोरखपुर विश्वविद्यालय में अब स्नातक स्तर पर अतिरिक्त विषय पढ़ने की सुविधा
सूचना पर उप जिलाधिकारी बैरिया संजय वर्मा, क्षेत्राधिकार बैरिया मोहम्मद फहीम, नायब तहसीलदार दीपक सिंह व बैरिया थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गये। अमर नाथ चौधरी समेत तीन गोताखोरों को कई बार नदी में उतारा गया, परन्तु विकास का कुछ कहीं पता नहीं चला। एसडीएम बैरिया व क्षेत्राधिकारी फहीम ने रेवती के गोताखोर समेत एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाने के लिए सूचना भेजा है।
विकास यादव की डूबने की सूचना जैसे ही हेवन्तपुर पहुंचा, उसकी 70 वर्षीय नानी निर्मला देवी पत्नी पूर्व प्रधान स्वर्गीय राजेन्द्र यादव दहाड़े मारकर गिरी तो फिर उठी नही। इसकी खबर घाट पर पहुंची तो भांजा के शव को निकालने के प्रयास में लगे प्रधान प्रमोद यादव भी कई बार गस खा कर गिर गए।ग्रामीण उन्हें आनन फानन में गांव लेकर पहुंचे।
ग्रामीणों की माने तो विकास अपने पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था। ननिहाल में भी एकलौता नाती था।इस घटना से दलपतपुर से लगायत हेमन्तपुर में मातम फैप गया। नदी में विकास को ढूंढने का प्रयास जारी है।











































