सीतापुर : जिले में भीषण गर्मी के दौरान बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या से निजात दिलाने के लिए बिजली विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। ओवरलोड और बार-बार खराब होने वाले ट्रांसफार्मरों पर एलटी फ्यूज सेट लगाए जा रहे हैं, जिससे अब ट्रांसफार्मर जलने की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार अब तक करीब 12 हजार एलटी फ्यूज सेट लगाए जा चुके हैं।
ओवरलोड से बचाने में कारगर साबित हो रहे फ्यूज सेट
गर्मी में बिजली की मांग बढ़ते ही ट्रांसफार्मरों पर लोड अचानक बढ़ जाता है, जिससे वे फुंक जाते हैं या उनमें आग लग जाती है। एलटी फ्यूज सेट इस स्थिति में सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। जब लोड ज्यादा होता है, तो ट्रांसफार्मर के बजाय फ्यूज उड़ जाता है, जिससे बड़ा नुकसान टल जाता है और ट्रांसफार्मर सुरक्षित रहता है।
बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
ट्रांसफार्मर खराब होने पर कई-कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर गर्मी में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। नए फ्यूज सेट लगने से अब लंबे समय तक बिजली कटौती की समस्या में कमी आने की संभावना है।
सप्ताह भर में कई बड़े ट्रांसफार्मर हुए खराब
हाल ही में बढ़ती गर्मी और बिजली की मांग के चलते जिले के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं सामने आईं।पुराना सीतापुर के इस्लाम बाग में 630 केवीए, मिश्रिख के तेलियानी, रामकोट, भवानीपुर और रामलीला क्षेत्र में भी ट्रांसफार्मर खराब हो गए, जिससे हजारों लोगों को भीषण गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण के अनुसार,ट्रांसफार्मर को फुंकने और जलने से बचाने के लिए एलटी फ्यूज सेट काफी कारगर साबित हो रहे हैं। लगभग सभी ओवरलोड और सबसे ज्यादा फुंकने और जलने वाले ट्रांसफार्मरों पर एलटी फ्यूज सेट लगाया जा चुका है, लगभग 12 हजार एलटी फ्यूज सेट लग गए हैं।











































