बरेली में नाबालिग को फिर से बहला-फुसलाकर भगा ले गया युवक, मीरगंज थाने में FIR दर्ज

बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद अंतर्गत मीरगंज थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहां एक ही युवक पर एक ही नाबालिग लड़की को दोबारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का संगीन आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पीड़िता की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, मीरगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनकी नाबालिग पुत्री को रात करीब 10 बजे अभियुक्त अमन जो कि बरेली के किला थाना क्षेत्र स्थित अलखनाथ का निवासी है, घर से भगा ले गया।

Also Read : बरेली में हीटवेव से बचाव को लेकर स्कूलों में नई गाइडलाइन लागू, मटके और ORS की व्यवस्था अनिवार्य

परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने लड़की की खोजबीन शुरू की तो वह कहीं नहीं मिली। पीड़िता की माँ ने पुलिस को बताया कि आरोपी अमन पहले भी उनकी बेटी को इसी तरह बहला-फुसलाकर ले जा चुका है, जिससे मामला और भी गंभीर हो जाता है। शिकायतकर्ता की तहरीर पर मीरगंज पुलिस ने आरोपी अमन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने बताया कि मामला नाबालिग के अपहरण और प्रलोभन से जुड़ा है।

पीड़ित परिवार बेहद सदमे में है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपनी बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की है। गाँव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है, क्योंकि आरोपी पहले भी ऐसी ही घटना को अंजाम दे चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़िता को उसके परिवार तक पहुँचाया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)