आजमगढ़ : थाना कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धमकी देने के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे ₹15,000 के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार की रात बेलइसा ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्तों ने उसे बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया तथा धमकी भी दी गई। मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 348/2026, धारा 70(1), 123, 61(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित अभियुक्त आशीष उर्फ खुश्शु पुत्र अशोक कुमार, निवासी सरफुद्दीनपुर, थाना कोतवाली, आजमगढ़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ₹15,000 का पुरस्कार घोषित किया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुधवार की रात करीब 9:35 बजे बेलइसा ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर आरोपी आशीष उर्फ खुश्शु को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अभय कुमार सिंह, कांस्टेबल अंशुमान सिंह, रिजर्व कांस्टेबल हिमांशु मिश्रा, सिद्धार्थ सिंह, सुमित शर्मा तथा महिला कांस्टेबल प्रियंका सिंह शामिल रहीं।



















































