लखनऊ : समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार और केंद्र की भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने लखनऊ में महिलाओं की सुरक्षा, बिजली-ट्रैफिक संकट, रुपए की गिरावट, NEET पेपर लीक और एनकाउंटर जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा 2024 की हार से अभी तक नहीं उभर पाई है और जनता को सावधान रहना चाहिए।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार और भाजपा पर एक के बाद एक तीखे हमले किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े पैमाने पर एनकाउंटर कर कानून व्यवस्था का दिखावा कर रही है।
महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
अखिलेश यादव ने पूछा, “राजधानी लखनऊ में एक दिन में कितनी महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़ होती है? बहन-बेटियों के साथ कितनी घटनाएं हो रही हैं? सरकार को इन आंकड़ों को भी जनता के सामने रखना चाहिए।”
आर्थिक स्थिति पर तंज
उन्होंने रुपए की गिरावट पर कहा, “हमारा रुपया कितना नीचे जा रहा है? क्या पाताल लोक में जाकर रुपया ढूंढेंगे? लग रहा है रुपए की दिशा पाताल लोक की तरफ हो गई है।” अखिलेश ने चेतावनी दी कि भाजपा जल्द ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा सकती है।
NEET पेपर लीक पर हमला
NEET परीक्षा को लेकर अखिलेश ने कहा, “यह NEET एग्जाम नहीं, लीक एग्जाम हो गया है। एक करोड़ 10 लाख युवा इससे प्रभावित हुए हैं। ये लोग अब खुद भाजपा के खिलाफ हो गए हैं। भाजपाइयों को अपनी जमीन ढूंढनी पड़ेगी।”
अन्य प्रमुख बयान
– “2024 के चुनाव में भाजपा हारी है, अभी तक हार से उभर नहीं पाई है।”
– “प्रधानमंत्री ने विश्व गुरु बनने का मौका खो दिया। अगर वे हवाई जहाज लेकर ईरान में उतर जाते तो आज दुनिया के सबसे बड़े विश्व गुरु होते।”
– “स्मार्ट सिटी लखनऊ में ट्रैफिक रेंग रहा है।”
– “सरकार सभी आयोजन बाहर करा रही है, जबकि हम लोग सड़क पर बैठे हैं।”
– “सिलेंडर पर समाजवादी गठबंधन ने भाजपा को हराया है।”
– “धन्ना सेठों के शोरूम खुलवाकर वसूली करेंगे, इसलिए छोटे दुकानदार खत्म हो रहे हैं।”
– “हनुमान जी के डर से भंडारे में गए” वाली टिप्पणी पर व्यंग्य करते हुए अखिलेश ने कहा कि जो भी ऐसा कहे, उसका नाम-पता बताएं, सैफई से हनुमान जी के दर्शन कराएंगे।
अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि “भारत सबके लिए एक है, संविधान एक है।” उन्होंने योगी सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि VVIP इलाकों में भी बिजली संकट है और जनता बेहाल है।
सियासी मायने
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में बिजली कटौती, गर्मी और NEET विवाद को लेकर विपक्ष सरकार पर दबाव बना रहा है। SP प्रमुख ने युवाओं, महिलाओं, छोटे व्यापारियों और आम जनता को साधने की कोशिश की है।
भाजपा की ओर से अभी तक इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। अखिलेश यादव ने जनता से अपील की कि वे सावधान रहें और भाजपा की नीतियों से सतर्क रहें।









































