आजमगढ़: जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मदरसा संचालन तथा प्रबंध समिति का पंजीकरण कराने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मदरसा जामिया अरबिया ऐनुल इस्लाम, नेवादा से जुड़े हैं।
पुलिस के मुताबिक, नेवादा निवासी राहत हुसैन की तहरीर पर 15 सितंबर को मुबारकपुर थाने में फर्जी एवं कूटरचित प्रपत्र तैयार कर मदरसा संचालन और प्रबंध समिति का पंजीकरण कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
Also Read: सिकंदराराऊ में सपा की साइकिल यात्रा रोकी, प्रशासन से तीखी नोकझोंक
विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में मदरसा प्रबंधक जमील अहमद नजीरी और प्रधानाचार्य जलीस अहमद के नाम प्रकाश में आने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। बुधवार को मुबारकपुर पुलिस ने दोनों को मदरसा जामिया अरबिया ऐनुल इस्लाम, नेवादा के पास से दोपहर करीब 1:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



















































