अमेठी में चोरों का आतंक, दो घरों के ताले तोड़कर करीब 20 लाख के जेवरात पार, गुजरात गया था एक परिवार

अमेठी: संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे जवाहर सिंह का पुरवा गांव में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़ दिए। चोर घरों से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय एक परिवार गुजरात गया हुआ था। बुधवार सुबह घर का ताला टूटा और सामान बिखरा मिलने पर चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव निवासी इंद्र भान सिंह ‘रिंकू’ पुत्र स्वर्गीय रामबोध सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके चचेरे भाई ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ चंदन सिंह पुत्र स्वर्गीय अमर बहादुर सिंह अपने पूरे परिवार के साथ अपनी मौसी के घर गुजरात गए हुए हैं। 15 सितंबर की रात से 16 सितंबर की सुबह के बीच अज्ञात चोरों ने चंदन सिंह के घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

Also Read: UP: योगी सरकार की बड़ी पहल, उच्च शिक्षा से जुड़े 1.28 लाख शिक्षकों-कर्मचारियों को मिलेगा कैशलेस इलाज का लाभ

तहरीर के मुताबिक, चोरों ने घर में रखे बक्से में चाभी तलाश ली और उसी चाभी से अलमारी खोलकर उसमें रखे आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में दो सोने के मंगलसूत्र, सोने की अंगूठियां, सोने का झुमका, माथ बेदी, सोने का हार, जोधा अंगूठी, चांदी की पायल, कमर पेटी और पाजेब समेत कई आभूषण शामिल हैं।

इसके अलावा चंदन सिंह की माता सीता देवी के सोने के झुमके, चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, नथिया और चांदी की पायल भी चोरी होने की बात कही गई है। वहीं पूजा सिंह के सोने की चेन, तीन अंगूठियां, झाला, सुई-धागा, दो मंगलसूत्र, नाक की कील, नथिया और दो जोड़ी चांदी की पायल चोरी हुई हैं।

Also Read: सिकंदराराऊ में सपा की साइकिल यात्रा रोकी, प्रशासन से तीखी नोकझोंक

पीड़ित को घटना की जानकारी बुधवार सुबह करीब छह बजे हुई। घर का ताला टूटा देखकर आसपास खोजबीन की गई तो घर के बगल में गहनों के खाली डिब्बे पड़े मिले। काफी प्रयास के बाद भी चोरों या चोरी गए आभूषणों का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। पीआरवी टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

इसके बाद हल्का दरोगा विनोद तिवारी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से जानकारी ली। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाने के साथ ही अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)