‘सनातन धरोहर को सहेजने के साथ हर बच्चे तक पहुंचे शिक्षा का अधिकार…’, रायबरेली में बोली राज्यपाल

रायबरेली: ऊंचाहार के चड़रई में चल रही शिव महापुराण कथा के चौथे दिन उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कथा स्थल पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान कथा के आयोजक एवं कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने राज्यपाल का जोरदार स्वागत किया। वहीं, कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने भी मंच पर राज्यपाल को शाल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।

​कथा के दौरान विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने क्षेत्र के विकास और आयोजक मनोज पांडेय की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऊंचाहार विधायक के रूप में मनोज पांडेय ने इस क्षेत्र को अपना परिवार मानकर विकास, सम्मान और अधिकारों से जोड़ने का जो कार्य किया है, वह पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक अनूठा उदाहरण है।

​Also Read: ‘IAS बनने से पहले बेटियां कुशल मां बनने का प्रयास करे…’, बोली राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

राज्यपाल ने आगे कहा कि यह शिव महापुराण कथा किसी ‘मिनी कुंभ’ जैसी प्रतीत हो रही है और सनातनियों के आस्था के एक बड़े केंद्र के रूप में उभर रही है। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से कथा सुनने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का एकत्र होना हमारी सनातन संस्कृति और उसकी प्राचीन धरोहर को और अधिक मजबूत कर रहा है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने का कार्य करते हैं।

​शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने समाज से आह्वान किया कि समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो समाज और देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाता है।

Also Read: लखनऊ: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया ब्रेकिंग बैरियर्स कॉन्फ़्रेंस का उद्घाटन, 14 महिला उद्यमी हुईं सम्मानित

​चड़रई में आयोजित इस शिव महापुराण कथा के चौथे दिन राज्यपाल के आगमन से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच राज्यपाल ने कथा का श्रवण किया और आयोजकों की इस धार्मिक व सांस्कृतिक पहल की सराहना की। इस मौके पर मंत्री नितिन अग्रवाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित दूर-दूर से पहुंचे लाखों शिव भक्त मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)