अमेठी: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत अमेठी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। देर रात चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने चार शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनमें पांच पूरी बाइक और दो बाइक के कटे हुए पार्ट्स शामिल हैं।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए चार आरोपी
पुलिस के मुताबिक, अमेठी कोतवाली क्षेत्र में रात करीब दो बजे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार चार युवकों को रोककर पूछताछ की गई। जांच पड़ताल में उनके चोरी की घटनाओं में शामिल होने के सबूत मिलने के बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।
Also Read: UP: बारिश बनी हादसे की वजह! डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, चार लोग घायल
प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं सभी आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेंद्र वर्मा, साहिल सरोज, धर्मेंद्र वर्मा और धीरज वर्मा के रूप में हुई है। सभी आरोपी प्रतापगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बेनीपुर नहर के पास एक खंडहर से चोरी की मोटरसाइकिलें और उनके पार्ट्स बरामद किए हैं।
पूछताछ में कबूली चोरी की कई वारदातें
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कुछ बाइक अमेठी और कुछ प्रतापगढ़ जिले से चोरी की थीं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का मुख्य आरोपी साहिल सरोज पहले से कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वहीं अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा 10 हजार रुपये का इनाम
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना की और बेहतर काम करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































