रायबरेली: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मिलएरिया थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि लोनियन का पुरवा स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ बदमाश चोरी के जेवरों का बंटवारा कर रहे हैं और अगली बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने की फायरिंग
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोली चलाई, जिसमें दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, तीन अन्य आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
दो घायल, तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान सीतापुर निवासी शिवकुमार और बबलू के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमांवा भेजा गया। वहीं गिरफ्तार अन्य आरोपियों में सीतापुर निवासी लवकुश और सागर वर्मा तथा लखीमपुर खीरी निवासी राकेश उर्फ छोटे शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
ज्वेलर्स चोरी का खुलासा, हथियार और चांदी बरामद
पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह हाल ही में मिलएरिया थाना क्षेत्र के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलर्स की दुकान और अमेठी के मोहनगंज क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.80 किलोग्राम चांदी के आभूषण, दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई, आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मिलएरिया पुलिस और एसओजी टीम को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



















































