विधायक आवास हंगामा मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, अमेठी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अमेठी : अमेठी में विधायक आवास पर हुए हंगामा और मारपीट मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमेठी के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अमेठी के नेतृत्व में थाना अमेठी पुलिस द्वारा की गई। थाना अमेठी में दर्ज मुकदमा संख्या 115/25 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं 7 सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बलराम यादव पुत्र श्रीराम यादव निवासी खाझा थाना पीपरपुर, शेर बहादुर यादव पुत्र रामकरन यादव निवासी घटकौर थाना पीपरपुर, मनुपाल पुत्र रामअवध निवासी ढेमा थाना रामगंज, धर्मराज यादव पुत्र श्रीराम यादव निवासी कनकापुर मजरे भीमी तथा विपिन यादव पुत्र अमरनाथ यादव निवासी कनकापुर मजरे भीमी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी मामले में वांछित चल रहे थे।

 

बताया जा रहा है कि यह मामला हाल ही में विधायक आवास पर हुए हंगामे और विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी और उसके बाद दोनों पक्षों के बीच बढ़े विवाद के चलते बड़ी संख्या में लोग विधायक आवास पहुंचे थे। इस दौरान गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

 

पुलिस का कहना है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

 

गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पाण्डेय, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह सहित थाना अमेठी के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।