बाराबंकी : बाराबंकी जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नचना में एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
ग्राम नचना निवासी राजेश्वरी पत्नी मयाराम ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति बाहर नौकरी करते हैं और वह घर पर अपनी बहू-बच्चों के साथ रहती हैं। आरोप है कि गांव के ही लीला उर्फ गुनीराम, दयाराम, गिरजाशंकर, अरविंद, राकेश, सोनू, राजकुमार, ब्रजलाल, रविशंकर, सभाजीत और ओमप्रकाश सहित कई लोग उनकी जमीन (गाटा संख्या 254, क्षेत्रफल 787) पर जबरन कब्जा किए हुए हैं।
पीड़िता के अनुसार, जब भी वह अपनी जमीन वापस लेने या विरोध करने की कोशिश करती हैं तो आरोपी पक्ष उनके साथ मारपीट और अभद्रता करता है। आरोप है कि दबंग लोग उनके घर के बाहर गाली-गलौज करते हैं और ईंट-पत्थर तथा अन्य वस्तुएं घर की छत पर फेंकते हैं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार परिवार की महिलाओं के सामने अश्लील हरकतें की गईं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। उनका कहना है कि घर के बाहर सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरों के बाद भी आरोपियों की हरकतें जारी हैं और स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई है।
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत रामनगर पुलिस से भी की थी, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। अब उन्होंने जिलाधिकारी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
गांव में चल रहे इस विवाद के कारण पीड़ित परिवार भय और तनाव के माहौल में जीवन जीने को मजबूर है।













































