Amethi: अमेठी कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद के दौरान हुई बुजुर्ग की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी पर पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार को कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम दलशाहपुर गांव पहुंची। पुलिस ने गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई और फरार आरोपी के घर के बाहर धारा 82 के तहत नोटिस चस्पा किया।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने सार्वजनिक रूप से मुनादी कराते हुए आरोपी को निर्धारित समय में न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी दी। पुलिस के मुताबिक यदि फरार हत्यारोपी शीतलाबख्श सिंह निर्धारित समय में हाजिर नहीं होता है तो न्यायालय के आदेश के बाद उसकी चल-अचल संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि अमेठी कोतवाली क्षेत्र के दलशाहपुर गांव में 17 जून को जमीन संबंधी विवाद में बुजुर्ग रामफली पाल की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य अभियुक्त शीतलाबख्श सिंह अभी तक फरार चल रहा है।
ALSO READ: Gonda: घर की खिड़की बनी चोरों का रास्ता, पुलिस ने आरोपी को दबोचा, चोरी का माल बरामद
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तारी नहीं होने के बाद अब पुलिस ने न्यायालय की प्रक्रिया के तहत आरोपी के खिलाफ धारा 82 की कार्रवाई शुरू की है। हत्या की घटना के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आया था। घटना के बाद समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के नेतृत्व में सपा का प्रतिनिधिमंडल मृतक के घर पहुंचा था। बताया गया कि मृतक का पुत्र समाजवादी पार्टी का सक्रिय सदस्य है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद फरार आरोपी पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है। यदि आरोपी नोटिस के बाद भी न्यायालय या पुलिस के समक्ष हाजिर नहीं होता है तो आगे कुर्की की कार्रवाई की जा सकती है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































