अमेठी: कस्बे के रामलीला मैदान में नगर पंचायत द्वारा कूड़ा डंप किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. सोमवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा नेता महेश सोनी बड़ी संख्या में व्यापारियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रामलीला मैदान से तत्काल कूड़ा डंपिंग स्थल हटाने की मांग की.
महेश सोनी ने कहा कि रामलीला मैदान सार्वजनिक संपत्ति है और नगर पंचायत द्वारा इसका इस्तेमाल कूड़ा डंपिंग यार्ड के रूप में किया जाना पूरी तरह अनुचित है. उन्होंने बताया कि करीब दो वर्षों से यहां लगातार कूड़ा डाला जा रहा है. कूड़े के ढेर से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
Also Read: UP: रायबरेली में RLJP के जिला प्रवक्ता ने छोड़ा पद, पार्टी की भूमिका पर जताया मतभेद
उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान के आसपास शिव प्रताप इंटर कॉलेज और जीजीआईसी विद्यालय स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने आते हैं.कूड़े के ढेर और दुर्गंध का बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. स्कूली बच्चों को इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी दिक्कत होती है.
व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष ने कहा कि रामलीला मैदान अमेठी की सामाजिक और सांस्कृतिक धरोहर है. ऐसे सार्वजनिक स्थल का इस्तेमाल कूड़ा डंप करने के लिए किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर पंचायत ने रामलीला मैदान में कूड़ा डालना बंद नहीं किया तो नगरवासी और व्यापारी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
ज्ञापन सौंपने के बाद महेश सोनी ने बताया कि अधिकारियों ने जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन रामलीला मैदान से कूड़ा हटवाने के साथ भविष्य में यहां दोबारा कूड़ा डंप नहीं होने देगा.इस दौरान विहिप के जिला कोषाध्यक्ष रामजी अग्रहरि, राजू अग्रहरि, विकास प्रधान, पवन समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































