Azamgarh: अहरौला थाना क्षेत्र के शम्भूपुर गांव में पत्नी समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या करने के बाद तीन बच्चों को कमरे में बंधक बनाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी अरविंद कुमार घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि आरोपी की गोली से घायल नौ वर्षीय पुत्र की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को शम्भूपुर गांव में अरविंद कुमार पुत्र त्रिपुरारी सिंह ने अपनी पत्नी बबिता सिंह तथा धार्मिक अनुष्ठान में शामिल अखिलेश मिश्रा और महेन्द्र पाठक को गोली मार दी। गोली लगने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों और लाइसेंसी हथियार के साथ घर के एक कमरे में बंद हो गया। पुलिस और परिजनों ने उसे आत्मसमर्पण करने तथा बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए करीब सात घंटे तक समझाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी बच्चों को गोली मारने की धमकी देता रहा। पुलिस के मुताबिक, इसी बीच कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, एसओजी प्रभारी संजय सिंह और आरक्षी प्रदीप ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां आरोपी का नौ वर्षीय पुत्र शौर्य सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मिला। उसे तत्काल लाइफ लाइन अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
ALSO READ: Gonda में पुलिस मुठभेड़ में गोतस्कर के पैर में लगी गोली, दो साथी गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी अरविंद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बच्चों की सुरक्षा और आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अरविंद घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की 10 वर्षीय पुत्री परी और छह माह की बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बड़ी बेटी की कोहनी के पास मामूली खरोंच आई है। दोनों बच्चे सुरक्षित बताए गए हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अरविंद की मानसिक स्थिति पहले से ठीक नहीं रहती थी। परिवार के अनुसार, उसकी स्थिति में सुधार के लिए घर पर पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान कराया जा रहा था और घटना के दिन अनुष्ठान का चौथा दिन था। इसी दौरान अरविंद ने कथित तौर पर उग्र होकर गोलीबारी शुरू कर दी।















































