Gonda: कटरा बाजार थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक बड़ा धारदार चाकू बरामद किया गया है।पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर को ग्राम टेपरा मगुरही निवासी श्रवण कुमार शुक्ला ने अपनी गाय की बछिया गायब होने की शिकायत कटरा बाजार थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश और संभावित स्थानों पर दबिश के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।इसी क्रम में बनगांव से कटरा बाजार आने वाली सड़क पर पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने मोटरसाइकिल छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कबीउल्लाह के पैर में गोली लगी। वहीं उसके साथी सुहेल और शमी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कबीउल्लाह पुत्र सुभान उल्लाह निवासी मंगुराही, सुहेल पुत्र हफीजुल निवासी तेलिन पुरवा तथा शमी पुत्र ननकू निवासी मंगरही, थाना कटरा बाजार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार घायल आरोपी कबीउल्लाह के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी, सर्विलांस प्रभारी मनीष कुमार समेत पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही।















































