आजमगढ़: जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ कस्बे में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक प्रेमिका से शादी करने की जिद में करीब 300 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक टावर से कूदने की धमकी देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक प्रेमिका से शादी करना चाहता था और इसी जिद के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ गया। काफी ऊंचाई पर पहुंचने के बाद वह नीचे उतरने से इनकार कर रहा था। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Also Read: UP: नौकरी से निकाले जाने की रंजिश में डॉक्टर की हत्या की साजिश का आरोप, तीन के खिलाफ FIR
सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को काफी देर तक समझाया-बुझाया और सूझबूझ से उसे नीचे उतरने के लिए राजी किया। पुलिस के प्रयास के बाद युवक को सकुशल टावर से नीचे उतार लिया गया।
घटना का वीडियो शनिवार सुबह करीब 11 बजे सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। युवक से पूछताछ कर घटना के संबंध में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।



















































