बहराइच: बहराइच जनपद के रूपईडीहा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने एक बीसी (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) संचालक पर हमला कर उससे 85 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रूपईडीहा क्षेत्र निवासी अनुराग, जो बीसी संचालक के रूप में कार्य करता है, एटीएम से नकदी निकालकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने अनुराग पर हमला कर दिया और उसके पास मौजूद करीब 85 हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए।
हमले में घायल अनुराग को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रूपईडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की तलाश में टीमों का गठन किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा फिलहाल पुलिस घायल बीसी संचालक और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
















































