Banda: घर के अंदर धड़ल्ले से बन रहे थे तमंचे, बांदा में पुलिस की रेड से मचा हड़कंप, 9 तमंचे और कारतूस बरामद

Banda: बाहर से सामान्य सा दिखने वाला घर… लेकिन अंदर चल रहा था अवैध हथियार बनाने का खेल! बांदा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर कथित अवैध तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया। मौके से 9 तमंचे—7 तैयार और 2 अर्धनिर्मित—दो जिंदा कारतूस समेत हथियार बनाने का भारी भरकम सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि घर में तमंचे तैयार करने के बाद उन्हें 7 से 8 हजार रुपये प्रति तमंचा के हिसाब से बांदा और आसपास के जनपदों में सप्लाई किया जाता था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, 24/25 अगस्त की देर शाम नरैनी पुलिस टीम इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने मोतियारी गांव के बाहर एक घर में अवैध हथियार बनाए जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए बताए गए स्थान की घेराबंदी की और छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। मौके से देवीदीन और रामस्वरूप उर्फ मुल्ला को गिरफ्तार किया गया।

ALSO READ: Azamgarh: शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने का आरोपी गिरफ्तार

तलाशी के दौरान पुलिस को तमंचों के साथ धौंकनी, ग्लैंडर, ड्रिल, शिकंजा, नोहाई, हथौड़ी, सुम्मी, छेनी, ब्लेड समेत भारी मात्रा में शस्त्र निर्माण के उपकरण मिले। बरामद सामान से पुलिस को अवैध हथियार निर्माण की गतिविधि के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार देवीदीन के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रामस्वरूप उर्फ मुल्ला के खिलाफ भी पूर्व में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज बताया गया है।  पुलिस की पूछताछ में सामने आई सप्लाई की जानकारी के बाद अब जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार तमंचे किन लोगों को बेचे जाते थे, हथियारों की सप्लाई कहां तक थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)