UP: आजमगढ़ में सरकारी नौकरी पाने के लिए अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को सॉल्वर बनाकर परीक्षा में बैठाने के मामले में मेहनाजपुर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लेते हुए मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएलएड परीक्षा में पकड़ा गया था फर्जी परीक्षार्थी
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2025 को गांधी इंटर कॉलेज कूबा, आजमगढ़ में डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित हो रही थी। इसी दौरान अनुक्रमांक 7090142259 पर हवलदार यादव की जगह मोनू यादव नाम का व्यक्ति परीक्षा देता मिला। पहचान संबंधी दस्तावेज मांगने पर वह आधार कार्ड दिखाने से पहले विद्यालय की बाउंड्री फांदकर भागने लगा, लेकिन पुलिस और विद्यालय स्टाफ ने उसे पकड़ लिया।
Also Read: UP Police Paper Leak: एसटीएफ को मिली बड़ी कामयाबी, मास्टरमाइंड राजीव नयन मिश्रा गिरफ्तार
जांच में सामने आया सॉल्वर बैठाने का मामला
घटना के बाद मेहनाजपुर थाने में मु0अ0सं0-107/2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू करते हुए परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठाने वाले हवलदार यादव की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की भूमिका के संबंध में अहम जानकारी मिली।
पुलिस ने मऊ निवासी आरोपी को दबोचा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में मेहनाजपुर पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए हवलदार यादव पुत्र राजेन्द्र यादव, निवासी ग्राम भेडियाधर, थाना चिरईयाकोट, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को करीब 11:10 बजे पूछताछ के बाद पुलिस हिरासत में लिया गया।
नौकरी पाने के लिए अपनाया था फर्जीवाड़े का तरीका
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सरकारी नौकरी हासिल करने के मकसद से अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को सॉल्वर बनाकर परीक्षा में बैठाया था। आरोपी के खिलाफ मेहनाजपुर थाने में धारा 338/336(3)/340(2)/61(2) बीएनएस और 3/6/10 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1998 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


















































