Banda: बांदा जनपद में एक बार फिर नदियों के बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है।केन नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है,जबकि यमुना नदी भी बढ़ाव पर है।पैलानी तहसील क्षेत्र में रात के समय केन नदी का जलस्तर और तेजी से बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।ग्रामीणों को सावधान करने के लिए गांव-गांव मुनादी कराई जा रही है।उप जिलाधिकारी पैलानी भूपेंद्र सिंह ने शुक्रवार को सिंधन कलां,गौरी-अमारा और खप्टिहा कलां पहुंचकर केन तथा चंद्रावल नदियों की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया।उन्होंने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में नदी के पास न जाने की हिदायत दी।
केन 102.25 मीटर पर, खतरे का निशान 104 मीटर
शुक्रवार शाम चार बजे की जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार भूरागढ़ गेज स्थल पर केन नदी का जलस्तर 102.25 मीटर दर्ज किया गया।हालांकि नदी का रुख फिलहाल गिरावट पर है,लेकिन जलस्तर अभी भी चेतावनी स्तर 103 मीटर के बेहद करीब है।केन नदी का खतरे का निशान 104 मीटर है।वहीं चिल्ला घाट गेज स्थल पर यमुना नदी का जलस्तर 93.20 मीटर दर्ज किया गया है और यमुना का रुख बढ़ाव पर है।यमुना का चेतावनी स्तर 99 मीटर और खतरे का निशान 100 मीटर है।
केन नदी के संभावित बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पैलानी तहसील क्षेत्र के नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने मुनादी कराकर लोगों को सचेत किया है।ग्रामीणों से कहा गया है कि नदी किनारे जाने से बचें और छोटे बच्चों को बिल्कुल नदी की ओर न जाने दें।प्रशासन ने ग्रामीणों को यह भी चेतावनी दी है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी के आसपास के निचले इलाकों में पानी पहुंच सकता है,इसलिए लोग समय रहते सावधानी बरतें। केन नदी से आवागमन करने वाले नाविकों और यात्रियों को भी प्रशासन ने विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।नाविकों को सीमित संख्या में ही यात्रियों को नदी पार कराने के आदेश दिए गए हैं।क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर नाव चलाने से बचने की हिदायत दी गई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



