Mirzapur: यूपी के कौशांबी जिले में हुए पटाखा फैक्ट्री में भारी विस्फोट के बाद यूपी के जिलों में सख्ती बरती जा रही है। शुक्रवार को मिर्ज़ापुर जिले में क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा पटाखा फैक्ट्रियों, गोदामों एवं दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के अनुपालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। इसी के साथ ही सख्त़ हिदायत भी दी गई है कि यदि कहीं भी कोई लापरवाही दिखी तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक द्वारा पटाखा निर्माण, भंडारण एवं बिक्री स्थलों पर होने वाली दुर्घटनाओं के प्रभावी रोकथाम तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के संबंध में 3 सितंबर 2026 से 7 सितंबर 2026 तक 5 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के क्रम में 4 सितंबर 206 को क्षेत्राधिकारी सदर जटाशंकर मिश्र व अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) मीरजापुर द्वारा संयुक्त रूप से प्रभारी निरीक्षक थाना कछवां के साथ थाना कछवां क्षेत्र में मुन्ने बाबू आतिशबाज के गोदाम एवं दुकान तथा अन्य पटाखा प्रतिष्ठानों की चेकिंग एवं निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालकों को निर्देशित किया गया कि पटाखा निर्माण एवं भंडारण से संबंधित लाइसेंस, अनुमति की निर्धारित शर्तों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा अग्नि सुरक्षा के आवश्यक उपायों एवं सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता कड़ाई से बनाए रखी जाए। स्थल पर किसी प्रकार की लापरवाही अथवा असुरक्षित व्यवस्था न रखने हेतु सचेत करते हुए आकस्मिक आगजनी अथवा विस्फोट की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही बाल श्रम के संबंध में विशेष सतर्कता बरतने, प्रत्येक बिक्री स्थल को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने, आबादी एवं आवासीय क्षेत्रों से संबंधित सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने तथा अवैध रूप से पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री अथवा परिवहन की सूचना प्राप्त होने पर नियमानुसार तत्काल विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा पटाखा विक्रेताओं, गोदाम के निरीक्षण की खबर से बाजार में खलबली मची रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































