बाराबंकी: जनपद बाराबंकी की तहसील रामनगर के श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में प्रस्तावित भव्य महादेव कॉरिडोर का निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ने लगा है। अयोध्या और काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विकसित किए जा रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए राजस्थान से नक्काशीदार पत्थरों की पहली खेप मंदिर परिसर पहुंच गई है। इन पत्थरों से मंदिर के दाहिनी ओर भव्य एवं आकर्षक मुख्य प्रवेश द्वार तैयार किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भव्यता का नया प्रतीक बनेगा।
पर्यटन विभाग की ओर से लगभग 48 करोड़ 79 लाख 63 हजार रुपये की लागत से “लोधेश्वर महादेव मंदिर समेकित पर्यटन विकास योजना” पर कार्य कराया जा रहा है। शासनादेश संख्या 343/2025/581/41-1-2025 सीएन 1903485-2025 के तहत 29 मार्च 2025 को परियोजना को स्वीकृति मिली थी। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीडीएस उत्तर प्रदेश जल निगम यूनिट-26, लखनऊ को सौंपी गई है।
कार्यदायी संस्था के जूनियर इंजीनियर आयुष विश्वकर्मा और अरुण कुमार की देखरेख में कॉरिडोर का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। पारंपरिक स्थापत्य कला और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय से तैयार हो रहा यह कॉरिडोर क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देगा।
उधर, कॉरिडोर की जद में आने वाले मकानों को हटाने का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रशासनिक अमला लगातार मौके पर डटा हुआ है। उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश तथा लेखपाल संतोष कुमार वर्मा सुरक्षा बलों के साथ ध्वस्तीकरण अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
आगामी पुरुषोत्तम मास मेले को देखते हुए प्रशासन मलबा हटाने और साफ-सफाई का कार्य भी युद्धस्तर पर करा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।














































