मथुरा: थाना गोविंदनगर क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली आगरा हाईवे स्थित गोकुल रेस्टोरेंट के समीप चौधरी कैंटीन के सामने बीतीरात डेढ़ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने सड़क किनारे चाय पी रहे चार लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, कंटेनर दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान वहां अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और सड़क किनारे चाय की दुकान के बाहर खड़े लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना गोविंदनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को अस्पताल भिजवाया। वहीं अस्पताल में उपचार के दौरान चंदौली छाता निवासी ललित पुत्र जगदीश और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं हादसे में घायल नरी छाता निवासी तेजपाल पुत्र वासुदेव और गगनपुर एटा निवासी विकास पुत्र महेंद्र का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
थाना गोविंदनगर प्रभारी रवि त्यागी ने बताया कि पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारण कुछ देर तक हाइवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त कंटेनर हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया है। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।














































