Barabanki: किन्नर के घर लाखों की चोरी का खुलासा, आरोपी चेला गिरफ्तार, नकदी और सोना-चांदी बरामद

Barabanki: रामनगर थाना क्षेत्र में समाजसेविका एवं लोधेश्वर महादेव गणेशपुर गद्दी की मालकिन ललिता तिवारी किन्नर के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने के साथ चोरी किया गया नकदी और सोना-चांदी का सामान भी बरामद कर लिया। गुरुवार शाम पुलिस ने आवश्यक लिखा-पढ़ी और दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कराने के बाद बरामद सामान ललिता तिवारी किन्नर को सौंप दिया। पुलिस कांस्टेबल की मौजूदगी में नकदी और जेवरात उन्हें सुपुर्द किए गए।

जानिए मामले से जुड़ी पूरी जानकारी

बताया गया कि लोधेरा गांव निवासी ललिता तिवारी किन्नर ने रामनगर पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उनके घर पर रहने वाला चेला गोलू उर्फ बिब्बी काफी समय से उनके साथ रह रहा था। वह घरेलू कार्यों में सहयोग करता था और परिवार के लोग उस पर विश्वास करते थे। बुधवार शाम करीब पांच बजे ललिता तिवारी आवश्यक कार्य से कड़क्का पुर बाजार गई थीं। रात करीब साढ़े आठ बजे घर लौटने पर गोलू उर्फ बिब्बी घर पर नहीं मिला।

ALSO READ: Azamgarh: स्कूल का बस चालक शराब के नशे में बच्चों को लेकर चला रहा था बस, पुलिस ने की कार्रवाई 

आसपास और संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद घर की अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखी करीब पांच लाख रुपये की नकदी, लगभग डेढ़ किलो चांदी और पांच तोला सोने के आभूषण गायब मिले। इसके बाद ललिता तिवारी ने आरोपी पर चोरी का आरोप लगाते हुए रामनगर थाने में लिखित तहरीर दी थी।शिकायत मिलने के बाद रामनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद बरामद सामान को कानूनी प्रक्रिया के तहत पीड़िता को वापस कर दिया गया। ललिता तिवारी किन्नर ने बताया कि बाराबंकी पुलिस और प्रशासन ने मामले में उनका काफी सहयोग किया। उन्होंने कहा कि उनके घर से चोरी हुआ सोना, चांदी और नकद रुपये सभी वापस मिल गए हैं। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि आरोपी चेले को पुलिस ने सूक्ष्म जांच के बाद पकड़कर जेल भेजा और न्यायालय में पेश किया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)