UP: हाथरस के सादाबाद तहसील परिसर में पिछले 24 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे किसानों के आंदोलन को आज उस समय बड़ा समर्थन मिला, जब भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सादाबाद पहुंचे। राकेश टिकैत ने किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।
महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। राकेश टिकैत ने किसानों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से इन पर जल्द ठोस निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसान लगातार अपनी फसल की उचित कीमत के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
Also Read: Hathras: सादाबाद पहुंचेंगे राकेश टिकैत, किसान महापंचायत को करेंगे संबोधित
किसानों की प्रमुख मांगों में आलू का समर्थन मूल्य घोषित करना, सरकार द्वारा आलू की खरीद सुनिश्चित करना, इस वर्ष कोल्ड स्टोरेज का भाड़ा माफ करना और किसान रजिस्ट्री को खत्म करना शामिल है।राकेश टिकैत ने कहा कि आलू उत्पादक किसानों को अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों को लागत के अनुरूप फसल का मूल्य मिलना चाहिए, ताकि खेती उनके लिए घाटे का सौदा न बने। उन्होंने सरकार को किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की बात कही और कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे और मजबूती दी जाएगी।
वहीं, धरने पर बैठे किसानों ने भी साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। राकेश टिकैत की महापंचायत के बाद किसानों के आंदोलन को नई ऊर्जा मिलने की बात कही जा रही है।



















































