बरेली: रामगंगा का रुख देख सतर्क हुआ प्रशासन, एसडीएम ने कपूरपुर में मंदिर बचाव कार्यों का लिया जायजा

बरेली: बरेली रामगंगा नदी के कटान से प्रभावित तहसील मीरगंज के कपूरपुर गांव में स्थित मंदिर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे एसडीएम निधि शुक्ला ने गांव पहुंचकर रामगंगा नदी के जलस्तर का निरीक्षण किया और मंदिर के समीप बाढ़ खंड विभाग की ओर से कराए जा रहे कटानरोधी एवं सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया।इस दौरान गांव के प्रधान हरीश लोधी सहित ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नदी के पानी की स्थिति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कपूरपुर गांव में रामगंगा नदी का पानी मंदिर के काफी करीब से बह रहा है। लगातार हो रहे कटान को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है कि यदि नदी का रुख और कटान बढ़ा तो मंदिर को खतरा हो सकता है।

Also Read: UP: रामगंगा मंदिर की सुरक्षा के लिए तेज हुआ बचाव कार्य, मौके पर पहुंचकर जांची व्यवस्था

एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में रामगंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। इसके बावजूद प्रशासन किसी भी संभावित स्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को भी लगातार जागरूक किया जा रहा है और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मंदिर को रामगंगा नदी के कटान की चपेट में आने से बचाने के लिए बाढ़ खंड विभाग द्वारा लगातार सुरक्षात्मक कार्य कराया जा रहा है। विभागीय कर्मचारी मौके पर आवश्यक इंतजाम करने में जुटे हैं और नदी के कटान पर नजर रखी जा रही है।

Also Read: UP: कपूरपुर में रामगंगा नदी का कटान तेज, मंदिर पर मंडराया खतरा

कपूरपुर में रामगंगा के बढ़ते कटान को लेकर ग्रामीण पहले से ही चिंतित हैं। बीते दिनों बारिश के बाद नदी के जलस्तर में बदलाव और कटान की स्थिति ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी थी। ऐसे में एसडीएम के निरीक्षण के बाद प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने से लोगों को कुछ राहत मिली है।प्रशासन का कहना है कि नदी के जलस्तर और कटान की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर मंदिर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बचाव कार्य भी कराए जाएंगे।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.