Bareilly: बरेली जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव चुरई दलपतपुर स्थित गौशाला में धार्मिक आस्था और गोसेवा का दृश्य देखने को मिला। तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने गौशाला पहुंचकर गोवंशों का विधिवत पूजन किया। उन्होंने गोवंशों के माथे पर तिलक लगाया, फूलों की माला पहनाई और उन्हें गुड़ व केले खिलाए।
जानिए मामले से जुड़ी पूरी जानकारी
इस अवसर पर तहसीलदार ने गौशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने गोवंशों के रखरखाव, साफ-सफाई, पेयजल और चारे की उपलब्धता की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान गौशाला में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर गौशाला का निरीक्षण करने के साथ गोवंशों की पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को विशेष स्थान प्राप्त है और जन्माष्टमी जैसे पावन अवसर पर गोसेवा का विशेष महत्व है।
उन्होंने बताया कि चुरई दलपतपुर स्थित गौशाला में करीब 300 गोवंश संरक्षित हैं। निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई पाई गई। गोवंशों के भोजन के लिए हरे चारे की भी पर्याप्त व्यवस्था मिली। तहसीलदार ने गौशाला की व्यवस्थाओं को बनाए रखने और गोवंशों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित लोगों से कहा कि गोवंशों के भोजन, पानी और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान क्षेत्रीय लेखपाल कमलजीत सागर और ग्राम प्रधान गजेंद्र सिंह गंगवार सहित गांव के अन्य लोग भी मौजूद रहे। जन्माष्टमी के अवसर पर हुए गौपूजन कार्यक्रम को ग्रामीणों ने भी सराहा।



















































