फर्रुखाबाद : आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को जिले की चारों विधानसभाओं में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित कर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का संदेश दिया। फर्रुखाबाद व अमृतपुर विधानसभा का सम्मेलन जिला भाजपा कार्यालय में, कायमगंज विधानसभा का सम्मेलन मीना गेस्ट हाउस तथा भोजपुर विधानसभा का सम्मेलन जहानगंज स्थित रामाधार कोल्ड स्टोरेज में संपन्न हुआ। सम्मेलनों में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित फर्रुखाबाद विधानसभा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब छह महीने से भी कम समय शेष है। ऐसे में प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभानी होगी। उन्होंने कहा कि बूथ संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और चुनावी सफलता का आधार भी।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर बूथ समिति के साथ सामूहिक रूप से सुना जाए तथा उसकी फोटो सरल ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व की समीक्षा में कई स्थानों पर यह कार्यक्रम संतोषजनक नहीं पाया गया है, इसलिए इसमें सुधार लाने की आवश्यकता है।
जिलाध्यक्ष ने बूथ अध्यक्षों से बूथ क्षेत्र के सामाजिक समीकरण, मतदाता सूची के सत्यापन तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों से नियमित संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 3 से 5 जुलाई के बीच प्रदेश नेतृत्व द्वारा बूथ अध्यक्षों से सीधे संपर्क कर बूथ की गतिविधियों की जानकारी ली जाएगी।
Also Read – लखनऊ : पत्नी को हुआ इश्क, पति की रची मौत की साजिश; जहर देकर उतारा मौत के घाट
सम्मेलन में किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. बी.के. गंगवार ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए भाजपा का मजबूत संगठन और सत्ता में बने रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें बूथ अध्यक्षों की भूमिका निर्णायक होगी।
जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे और पूर्व जिला महामंत्री डी.एस. राठौर ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान तेज करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अभिषेक बाजपेई ने किया। इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, मंडल अध्यक्ष वीर बहादुर पाल, अजय कटिहार, संतोष राजपूत, रमला राठौर, नरेंद्र आर्य, जिला मंत्री श्वेता दुबे, अशनील दिवाकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।
भोजपुर विधानसभा सम्मेलन में योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
जहानगंज स्थित रामाधार कोल्ड स्टोरेज में आयोजित भोजपुर विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले नौ वर्षों में विकास और सुशासन की नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि बूथ कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचें तथा जो पात्र लोग अभी तक योजनाओं से वंचित हैं, उन्हें योजनाओं की जानकारी देकर लाभ दिलाने का प्रयास करें।
जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम ने कहा कि भाजपा विकास और सुशासन के कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएगी तथा बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। कार्यक्रम में मोहम्मदाबाद उत्तरी मंडल अध्यक्ष रामप्रकाश राठौर, कमालगंज मंडल अध्यक्ष राजेश राजपूत, जहानगंज मंडल अध्यक्ष अनुज कटिहार, मोहम्मदाबाद दक्षिण मंडल अध्यक्ष शैलेश मिश्रा, पूर्व जिला महामंत्री कुलदीप दुबे, जिला मंत्री हिना दवे, खीमसेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन जिला मंत्री शिवमोहन सिंह ने किया।
Also Read : सपा विधायक कमाल अख़्तर ने विधानमंडल के मुख्य सचेतक पद से दिया इस्तीफा
कायमगंज सम्मेलन में ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ का संदेश
कायमगंज स्थित मीना गेस्ट हाउस में आयोजित सम्मेलन में जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने कहा कि संगठन में बूथ कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने, जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।
जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ केवल नारा नहीं बल्कि भाजपा की कार्यशैली का मूल आधार है और चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बूथ ही होता है।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष संदेश राजपूत ने किया। सम्मेलन में नगर मंडल अध्यक्ष देवेंद्र दुबे, कपिल मंडल अध्यक्ष निर्मल कश्यप, कायमगंज ग्रामीण मंडल अध्यक्ष महेंद्र राजपूत, अचरा मंडल अध्यक्ष कुनेंद्र गंगवार, शमशाबाद मंडल अध्यक्ष आदेश शाक्य, जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे, जिला मंत्री मनोज गंगवार, पूर्व जिला उपाध्यक्ष जय गंगवार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।
भाजपा के इन सम्मेलनों के माध्यम से जिले भर में संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने, मतदाता संपर्क अभियान तेज करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने का स्पष्ट संदेश दिया गया।













































