बरेली : बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम अम्बरपुर में जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार के ही लोगों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में तीन लोग घायल हो गए, जिनका उपचार कराया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम अम्बरपुर निवासी चन्द्रसैन पुत्र तेजराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे संपत्ति के बंटवारे को लेकर परिवार में कहासुनी हो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उनके भाई कल्याण, भतीजे राकेश और मुकेश तथा चुंगिया देवी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट में वह स्वयं, उनके भाई उमाशंकर तथा उमाशंकर की पत्नी नन्ही देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि ग्रामीण समय पर नहीं पहुंचते तो आरोपित जान से मार सकते थे।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विपक्षी पहले भी कई बार विवाद और मारपीट कर चुके हैं तथा लगातार धमकियां दे रहे हैं।
मीरगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर मीरगंज संजय तोमर का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।















































