Barabanki: बाराबंकी किचन में फंदे से लटकता मिला छात्रा का शव घर पर अकेली थी 20 वर्षीय छात्रा, खेत से लौटे पिता ने देखा शव

Barabanki: थाना क्षेत्र के बिछलखा गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 20 वर्षीय छात्रा का शव घर के किचन में फंदे से लटकता मिला। घटना के समय छात्रा घर पर अकेली थी। खेत से लौटे पिता ने किचन में बेटी का शव लटकता देखा तो उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

जानिए क्या है पूरा मामला?

बिछलखा गांव निवासी मुरली लोधी सोमवार को रोजाना की तरह खेत गए हुए थे। उनकी पत्नी रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके भाई को राखी बांधने गई थीं। घर पर उनकी 20 वर्षीय पुत्री सपना अकेली थी। दोपहर के समय मुरली लोधी खेत से काम निपटाकर घर लौटे। घर में पहुंचने के बाद जब वह किचन की ओर गए तो वहां बेटी का शव बांस के सहारे दुपट्टे से लटकता हुआ दिखाई दिया। बेटी का शव फंदे से लटकता देखकर पिता ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।

ALSO READ: Gonda: पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीण भी घटना को लेकर स्तब्ध हैं। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)