संतकबीरनगर: चर्चित पहलवान साधु यादव समेत 41 पर केस, कलेक्ट्रेट में तोड़फोड़ का आरोप

• ब्रह्मानंद हत्याकांड में नाम बढ़ाने की मांग को लेकर किया था प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक
• वीडियो फुटेज से अज्ञात आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

संतकबीरनगर जिले में चर्चित पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में कुछ अन्य लोगों के नाम शामिल करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करना पहलवान साधु यादव और उनके समर्थकों को भारी पड़ गया। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने गुरुवार देर शाम पहलवान रामप्रवेश यादव उर्फ साधु यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव समेत 11 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से नोकझोंक और अभद्रता की। कलेक्ट्रेट परिसर में फरियादियों के बैठने के लिए रखी कुर्सियों में तोड़फोड़ भी की। प्रदर्शन के कारण करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी में भी व्यवधान उत्पन्न हुआ।

यह भी पढ़ें: जिला केसरी ब्रह्मानंद की हत्या से सहमा गांव, खेत में मिली बुलेट

सात गाड़ियों से पहुंचे थे प्रदर्शनकारी

कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह की तहरीर के मुताबिक, गुरुवार को पहलवान साधु यादव अपने समर्थकों के साथ सात गाड़ियों से कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंचे थे। उनके साथ गोरखपुर निवासी बिट्टू राय, महुली क्षेत्र के जमुनी कला निवासी राजेश यादव, सहजनवा क्षेत्र के भरपही निवासी रामप्रताप यादव, सेंदुरिया निवासी शिवम यादव, गोसाईपुर भगठान निवासी रविंद्र यादव, भोकाई निवासी कैलेंडर यादव, सलमान, राहुल यादव, अजीरुद्दीन उर्फ अज्जू और साहिल समेत अन्य लोग थे। इनके साथ चार-पांच यू-ट्यूबर और 20 से 25 अज्ञात लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि प्रदर्शनकारी ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में अन्य लोगों के नाम शामिल करने की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कलेक्ट्रेट गेट के सामने आवागमन रोकने और वहां से गुजर रहे लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है।

यह भी पढ़ें: संतकबीरनगर में पहलवान ब्रह्मानंद हत्याकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

समझाने पर बढ़ा विवाद, कुर्सियां तोड़ने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए कई निरीक्षक और महिला थाना प्रभारी पूनम मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों और जिले में लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए प्रदर्शन समाप्त करने को कहा। आरोप है कि इस पर प्रदर्शनकारी और उत्तेजित हो गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और कलेक्ट्रेट परिसर में रखी कुर्सियों को तोड़ दिया। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों को अपशब्द कहने और धमकी देने का भी आरोप है।

यह भी पढ़ें: Bhopal News: डेयरी के पास जंगल में मिले गोवंश, गोकशी मामले में संचालक की पत्नी और बेटा भी आरोपी

वीडियो फुटेज से होगी पहचान

कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी की तहरीर के आधार पर 11 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस कलेक्ट्रेट परिसर में लगे कैमरों के वीडियो फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।