लखनऊ : उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी लगभग पूरी हो गई है। छह माह लंबी प्रतीक्षा के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने यूपी बीजेपी की नई टीम को अंतिम रूप दे दिया है। जल्द ही प्रदेश पदाधिकारियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार, यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी कल लखनऊ रवाना हो सकते हैं।
राष्ट्रीय नेतृत्व की अहम बैठक
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनोद तावड़े, यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की लंबी बैठक हुई। 20 मई के बाद आज 27 मई को फिर से दिल्ली में उच्चस्तरीय मंथन हुआ, जिसमें यूपी इकाई के आकार, पदाधिकारियों और जातीय समीकरणों पर गहन चर्चा हुई।
संभावित बदलाव
– संगठन में बड़े फेरबदल की तैयारी
– पश्चिम क्षेत्र को मिल सकता है एक महामंत्री
– उपाध्यक्षों की संख्या में कटौती संभव
– जनप्रतिनिधियों और पुराने नेताओं की सिफारिशों पर भारी दबाव रहा
– चुनावी रणनीति के तहत संगठन को नया स्वरूप देने की कवायद
मई माह के अंत तक प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की घोषणा किए जाने की संभावना है।
राष्ट्रीय नेतृत्व गंभीर
भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व यूपी इकाई को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने और 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संगठन को नया रूप देने पर जोर दे रहा है। नामों और जातीय संतुलन पर काफी मंथन हुआ है।
पंकज चौधरी के लखनऊ पहुंचने के बाद आधिकारिक घोषणा किसी भी समय हो सकती है। पार्टी कार्यकर्ताओं में नई टीम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
यह बदलाव भाजपा को आगामी चुनावों के लिए और मजबूत संगठनात्मक ढांचा देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।










































