बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय भारती (मुस्तफाबाद) गांव में गुरुवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सबको हैरान कर दिया। यहां घर के भीतर मां और उनकी दिव्यांग पुत्री की सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने वारदात के बाद घर से खून धोकर साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घर में मां और खेत में मिला बेटी का शव
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के चौकीदार ने सुबह करीब 08:30 बजे रसड़ा पुलिस को घटना की सूचना दी। घर में रामचीज गुप्ता उम्र 70 वर्ष, उनकी पत्नी मानती गुप्ता उम्र 65 वर्ष और दृष्टिबाधित पुत्री गौरी उम्र 22 वर्ष रहते थे। मौके पर पहुंची पुलिस को मानती गुप्ता का शव घर के पास चारपाई पर मिला, जबकि दृष्टिहीन बेटी गौरी का शव घर के पीछे धान के खेत में करीब 25-30 मीटर दूर पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि हत्या घर के अंदर की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के मकसद से युवती के शव को खेत के किनारे फेंक दिया गया।
Also Read: UP: चंदौली में बाढ़-जलभराव से हाहाकार, 50 बीघा धान की फसल डूबी, कच्चे मकान भी गिरे
घटनास्थल की जांच में जुटीं फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीमें
दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, फील्ड यूनिट, स्वाट-सर्विलांस और श्वान दल (Dog Squad) के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। घर के भीतर से खून के निशान धोने के साक्ष्य मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि आरोपियों ने सबूत नष्ट करने का पूरा प्रयास किया।
पुलिस अधीक्षक ने बयान जारी कर घटना की जानकारी दी
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि दोनों शवों के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार करने के गहरे निशान मिले हैं। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों और अन्य चोटों की पुष्टि हो सके। गृहस्वामी रामचीज गुप्ता से भी पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में परिवार ने किसी रंजिश या दुश्मनी की बात से इनकार किया है। पुलिस हर पहलू की गहनता से तफ्तीश कर रही है और जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।



















































